आँसुओं की होली का मूल पाठ
नामों को बिगाड़ने की प्रथा-जाने कब चली और कहां शुरू हुई। कोई इस संसार-व्यापी रोग का पता लगाए तो ऐतिहासिक संसार में अवश्य ही अपना नाम छेड़ जाय। पंडित का नाम तो श्रीविलास था पर मित्र लोग सिलबिल कहा करते थे। नामों का असर चरित्र पर कुछ-न-कुछ पड़ जाता है। बेचारे सिलबिल सचमुच ही सिलबिल थे। दफ्तर जा रहे हैं मगर पायजामे का इजारबंद लटक रहा है। सिर पर फ्लैट-कैप है, पर लम्बी-सी चुटिया पीछे झांक रही है, अचकन यों बहुत सुन्दर है। न जाने उन्हें त्यौहारों से क्या चिढ़ थी। दिवाली गुजर जाती, पर वह भलामानुष कौड़ी हाथ में न लेता। और होली का दिन तो उनकी भीषण परीक्षा का दिन था। तीन दिन वह घर के बार न निकलते। घर पर भी काले कपड़े पहने बैठे रहते थे। यार लोग टोह में रहते थे कि कहीं बचा फंस जाये, मगर घर में घुसकर तो फौजदारी नहीं की जाती। एक आधा बार फंसे भी, अगर घिघिया-पुदिया कर बेदाग निकल गए।
लेकिन अबकी समस्या बहुत कठिन हो गई थी। शास्त्रों के अनुसार 25 वर्ष तक ब्रह्मचर्य का पालन करने के बाद उन्होंने विवाह किया था। ब्रह्मचर्य के परिपक्व होने में जो थोड़ी-बहुत कसर रही, वह तीन वर्ष के गौने की मुद्दत ने पूरी कर दी। यद्यपि स्त्री से उन्हें कोई शंका न थी, तथापि वह औरतों को सिर चढ़ाने के हामी न थे। इस मामले में उन्हें अपना वही पुराना-धुराना ढंग पसंद था। बीवी को जब कसकर डांट दिया, तो उसकी मजाल है कि रंग हाथ से छुए। विपत्ति यह थी कि ससुराल के लोग भी होली मनाने आने वाले थे। पुरानी मसल है ‘बहन अंदर, तो भाई सिकंदर’। इन सिकंदरों को कौन रोक सकता है?
स्त्री ने आंखें फाड़कर कहा - ‘अरे भैया! क्या सचमुच रंग न घर लाओगे? यह कैसी होली है, बाबा?’
सिलबिल ने त्यौरियां चढ़ाकर कहा - ‘बस, मैंने एक बार कह दिया और बात दोहराना मुझे पसंद नहीं। घर में रंग नहीं आएगा और न कोई छुएगा। मुझे कपड़ों पर लाल छींटे देखकर मचली आने लगती है। हमारे घर में ऐसी ही होली होती है।’
स्त्री ने सिर झुकाकर कहा - ‘तो न लाना रंग-संग, मुझे रंग लेकर क्या करना है। जब तुम्हीं रंग न लाओगे, तो मैं कैसे छू सकती हूं?’
सिलबिल ने प्रसन्न होकर कहा - ‘निस्संदेह यही साध्वी स्त्री का धर्म है।’
‘लेकिन भैया तो आने वाले हैं। वह क्यों मानेंगे?’
‘उनके लिए भी मैंने एक उपाय सोच लिया है। उसे सफल करना तुम्हारा काम है। मैं बीमार बन जाऊंगा। एक चादर ओढ़कर लेटा रहूंगा। तुम कहना, इन्हें ज्वर आ गया। बस, चलो छुट्टी हुई।’
स्त्री ने आंखें नचाकर कहा - ‘ऐ नौज, कैसी बातें मुंह से निकालते हो। ज्वर जाय मुद्दई के घर, यहां आये तो मुंह झुलस दूं निगोड़े का।’
‘तो फिर दूसरा उपाय ही क्या है?’
‘तुम ऊपर वाली छोटी कोठरी में छिपे रहना, मैं कह दूंगी उन्होंने जुलाब लिया है। बाहर निकलेंगे तो हवा लग जायेगी।’
पंडितजी खिल उठे - ‘बस, बस, यही सबसे अच्छा।’
होली का दिन है। बाहर हाहाकार मचा हुआ है। पुराने जमाने में अबीर और गुलाल के सिवा और कोई रंग न खेला जाता था। अब नीले, हरे, काले, सभी रंगों का मेल हो गया है और इस संगठन से बचना आदमी के लिए तो संभव नहीं। हां, देवता बचें। सिलबिल के दोनों साले मुहल्ले भर के मर्दों, औरतों, बच्चों और बूढ़ों का निशाना बने हुए थे। बाहर के दीवानखाने के फर्श, दीवारें - यहां तक कि तस्वीरें भी रंग उठी थीं। घर में भी यही हाल था। मुहल्ले की ननदें भला कब मानने लगी थी। परनाला तक रंगीन हो गया था।
बड़े साले ने पूछा - ‘क्यों री चम्पा, क्या सचमुच उनकी तबीयत अच्छी नहीं? खाना खाने भी न आये?’
चम्पा ने सिर झुकाकर कहा - ‘हां भैया, रात ही से पेट में कुछ दर्द होने लगा। डॉक्टर ने हवा में निकलने को मना कर दिया है।’
जरा देर बाद छोटे साले ने कहा - ‘क्यों जीजी जी, क्या भाई साहब नीचे नहीं आएंगे? ऐसी भी क्या बीमारी है। कहो तो ऊपर जाकर देख आऊं।’
चम्पा ने उसका हाथ पकड़कर कहा - ‘नहीं-नहीं, ऊपर मत जाओ। वह रंग-वंग न खेलेंगे। डॉक्टर ने हवा में निकलने को मना कर दिया है।
दोनों भाई हाथ मलकर रह गए।’
सहसा छोटे भाई को एक बात सूझी - ‘जीजाजी के कपड़ों के साथ क्यों न होली खेलें। वे तो बीमार नहीं है।’
बड़े भाई के मन में भी यह बात बैठ गई। बहन बेचारी अब क्या करती? सिकंदरों ने कुंजियां उसके हाथ से लीं और सिलबिल के सारे कपड़े निकाल-निकालकर रंग मले। रूमाल तक न छोड़ा। जब चम्पा ने उन कपड़ों को आंगन में अलगनी पर सूखने को डाल दिया तो ऐसा जान पड़ा, मानो किसी रंगरेज ने ब्याह के जोड़े रंगे हों। सिलबिल ऊपर बैठे-बैठे यह तमाशा देखे रहे थे, पर जबान न खोलते थे। छाती पर सांप-सा लोट रहा था। सारे कपड़े खराब हो गए, दफ्तर जाने को भी कुछ न बचा। इन दुष्टों को मेरे कपड़ों से न जाने क्या बैर था। घर में नाना प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बन रहे थे। मुहल्ले की एक ब्राह्मणी के साथ चम्पा जुटी हुई थी। दोनों भाई और कई अन्य सज्जन आंगन में भोजन करने बैठे थे, तो बड़े साले ने चम्पा से पूछा - ‘कुछ उनके लिए भी खिचड़ी-विचड़ी बनाई है। पूरियां तो बेचारे आज खा न सकेंगे।
चम्पा ने कहा - ‘अभी तो नहीं बनाई, अब बना लूंगी।’
वाह री तेरी अक्ल! अभी तक तुझे इतनी फिक्र नहीं कि वह बेचारे खाएंगे क्या। तू तो इतनी लापरवाह कभी न थी। जा, निकाल ला जल्दी से चावल और मूंग की दाल।’ लीजिए, खिचड़ी पकने लगी। इधर मित्रों ने भोजन करना शुरू किया। सिलबिल ऊपर बैठे अपनी किस्मत को रो रहे थे। उन्हें इस सारी विपत्ति का एक ही कारण मालूम होता था - विवाह! चम्पा न आती, तो ये साले क्यों आते, कपड़े क्यों खराब होते, होली के दिन मूंग की खिचड़ी क्यों खाने को मिलती? मगर अब पछताने से क्या होता है? जितनी देर में लोगों ने भोजन किया, उतनी देर में खिचड़ी तैयार हो गई। बड़े साले ने खुद चम्पा को ऊपर भेजा कि खिचड़ी की थाली ऊपर दे आये।
सिलबिल ने थाली की ओर कुपित नेत्रों से देखकर कहा - ‘इसे मेरे सामने से हटा ले जाओ।’
‘क्या आज उपवास ही करोगे?’
‘तुम्हारी यही इच्छा है, तो यही सही।’
‘मैंने क्या किया? सवेरे से जुती हुई हूं। भैया ने खुद खिचड़ी डलवाई और मुझे यहां भेजा।’
‘हां, वह तो मैं देख रहा हूं कि मैं घर का स्वामी नहीं। सिकंदरों ने उस पर कब्जा जमा लिया, मगर में यह नहीं मान सकता कि तुम चाहती, तो और लोगों के पहले ही मेरे पास थाली न पहुंच जाती। मैं इस पतिव्रत धर्म के विरुद्ध हूं और क्या कहूं।
‘तुम तो देख रहे थे, कि दोनों जने मेरे सिर पर सवार थे।’
‘अच्छी दिल्लगी है कि लोग तो समोसे और खस्ते उड़ाये और मुझे मूंग की खिचड़ी दी जाय। वाह रे नसीब!’
‘तुम दो-चार कौर खा लो, मुझे ज्यों ही अवसर मिलेगा, दूसरी थाली लाऊंगी।’
‘सारे कपड़े रंगवा डाले, दफ्तर कैसे जाऊंगा? यह दिल्लगी मुझे जरा भी नहीं भाती। मैं इसे बदमाशी कहता हूं। तुमने संदूक की कुंजी क्यों दे दी? क्या मैं इतना पूछ सकता हूं?’
‘जबरदस्ती छीन ली। तुमने सुना नहीं? करती क्या?’
‘अच्छा, जो हुआ सो हुआ, यह थाली ले जाओ। धर्म समझना तो दूसरी थाली लाना, नहीं तो आज व्रत ही सही।’
एकाएक पैरों की आहट पाकर सिलबिल ने सामने देखा, तो दोनों साले आ रहे हैं। उन्हें देखते ही बेचारे ने मुंह बना लिया, चादर से शरीक ढक लिया और कराहने लगे।
बड़े साले ने कहा, ‘कहिए कैसी तबीयत है? थोड़ी-खिचड़ी खा लीजिए।’ सिलबिल ने मुंह बनाकर कहा - ‘अभी तो कुछ खाने की इच्छा नहीं है।’
‘नहीं, उपवास करना तो हानिकर होगा। खिचड़ी खा लीजिए।’
बेचारे सिलबिल ने मन में इन दोनों शैतानों को खूब कोसा और विष की भांति खिचड़ी कंठ से नीचे उतारी। आज होली के दिन खिचड़ी ही भाग्य में लिखी थी! जब तक सारी खिचड़ी समाप्त न हो गई, दोनों वहां डटे रहे, मानो जेल के अधिकारी किसी अनशन-व्रतधारी कैदी को भोजन करा रहे हों। बेचारे को ठूंस-ठूंसकर खिचड़ी खानी पड़ी। पकवानों के लिए गुंजाइश ही न रही।
दस बजे रात को चम्पा उत्तम पदार्थों का थाल लिये पतिदेव के पास पहुंची। महाशय मन-ही-मन झुंझला रहे थे। भाइयों के सामने मेरी परवाह कौन करता है। न जाने कहां से दोनों शैतान फट पड़े। दिन भर उपवास कराया और अभी तक भोजन का कहीं पता नहीं। चम्पा को थाल लाते देखकर कुछ अग्नि शांत हुई। बोले - ‘अभी तो बहुत सवेरा है, एक-दो घंटे बाद क्यों न आयी।’ चम्पा ने सामने थाली रखकर कहा - ‘तुम तो न हारी ही मानते हो, न जीती। अब आखिरकार ये दो मेहमान आये हुए हैं, इनका सेवा-सत्कार न करूं तो भी तो काम नहीं चलता। तुम्हीं को बुरा लगेगा। कौन रोज आयेंगे।’
‘ईश्वर न करे कि रोज आयें, यहां तो एक ही दिन में बधिया बैठ गई।’
थाल की सुगंधमय, तरबतर चीजें देखकर सहसा पंडितजी के मुखारविंद पर मुस्कान की लाली दौड़ गई। एक-एक चीज खाते थे और चम्पा को सराहते थे - ‘सच कहता हूं चम्पा, मैंने यह चीजें कभी नहीं खाई थी। हलवाई साला क्या बनाएगा। जी चाहता है, कुछ इनाम दूं।’ ‘तुम मुझे बना रहे हो। क्या करूं? जैसा बनाना आता है, बना लाई।’
‘नहीं जी, सच कह रहा हूं । मेरी तो आत्मा तक तृप्त हो गई। आज मुझे ज्ञात हुआ कि भोजन का संबंध उदर से उतना नहीं, जितना आत्मा से है। बतलाओ, क्या इनाम दूं ?’ ‘जो मांगूं, वह दोगे?’
‘दूंगा, जनेऊ की कसम खाकर कहता हूं।’
‘न दो तो मेरी बात जाय।’
‘कहता हूं भाई, अब कैसे कहूं। क्या लिखा-पड़ी कर दूं?’
‘अच्छा तो मांगती हूं। मुझे अपने साथ होली खेलने दो।’
पंडितजी का रंग उड़ गया। आंखें फाड़कर बोले - ‘होली खेलने दूं? मैं तो होली खेलता नहीं, कभी नहीं खेला। होली खेलना होता तो घर में छिपकर क्यों बैठता?’
‘औरों के साथ मत खेलो, लेकिन मेरे साथ तो खेलना ही पड़ेगा।’
‘अरे यह मेरे नियम के विरुद्ध है। जिस चीज को अपने घर में उचित समझूं, उसे किस न्याय से घर के बाहर अनुचित समझूं, सोचो।’
चम्पा ने सिर नीचा करके कहा - ‘घर में ऐसी कितनी बातें उचित समझते हो, जो घर के बाहर अनुचित ही नहीं, पाप भी है।’
पंडितजी झेंपते हुए बोले - ‘अरे भाई, तुम जीती, मैं हारा। अब मैं तुमसे यही दान मांगता हूं..।’
‘पहले मेरा पुरस्कार दे दो, पीछे मुझसे दान मांगना’ - यह कहते हुए चम्पा ने लोटे का रंग उठ लिया और पंडितजी को सिर से पांव तक नहला दिया। जब तक यह उठकर भागे, उसने मुट्ठी भर गुलाल लेकर सारे मुंह में पोत दिया।
पंडितजी रोनी सूरत बनाकर बोले - ‘अभी और कसर बाकी हो, तो वह भी पूरी कर लो। मैं न जानता था कि तुम मेरी आस्तीन का सांप बनोगी। अब और कुछ रंग बाकी नहीं रहा?’
चम्पा ने पति के मुख की ओर देखा, तो उस पर मनोवेदना का गहरा रंग झलक रहा था। पछता कर बोली - ‘क्या तुम सचमुच बुरा मान गए हो? मैं तो समझती थी कि तुम केवल मुझे चिढ़ा रहे हो।’
श्रीविलास ने कांपते हुए स्तर में कहा - ‘नहीं चम्पा, मुझे बुरा नहीं लगा। हां, तुमने मुझे उस कर्तव्य की याद दिला दी, जो मैं अपनी कायरता के कारण भुला बैठ था। वह सामने जो चित्र देख रही हो, मेरे परम मित्र, मनहरनाथ का है, जो अब संसार में नहीं है। तुमसे क्या कहूं कितना सरस, कितना भावुक, कितना साहसी आदमी था। देश की दशा देख-देखकर उसका खून जलता रहता था। 1 9-20 भी कोई उम्र होती है, पर वह उसी उम्र में अपने जीवन का मार्ग निश्चित कर चुका था। सेवा करने का अवसर पाकर, वह इस तरह उसे पकड़ता था, मानो सम्पत्ति हो। जन्म का वैरागी था। वासना तो उसे छू ही न गई थी। हमारे और साथी सैर सपाटे करते थे, पर उसका मार्ग सबसे अलग था। सत्य के लिए प्राण देने को तैयार। कहीं अन्याय देखा और भवें तन गईं, कहीं पत्रों में अत्याचार की खबर देखी और चेहरा तमतमा उठा। ऐसा तो मैंने आदमी ही नहीं देखा। ईश्वर ने अकाल ही बुला लिया, नहीं तो वह मनुष्यों में रत्न होता। किसी मुसीबत के मारे का उद्धार करने को अपने प्राण हथेली पर लिये फिरता था। स्त्री-जाति का इतना आदर और सम्मान कोई क्या करेगा? स्त्री उसके लिए पूजा और भक्ति की वस्तु थी। पांच वर्ष हुए, यही होली का दिन था। मैं भंग के नशे में चूर, रंग में सिर से पांव तक नहाया हुआ, उसे गाना सुनने के लिए बुलाने गया तो देखा कि वह कपड़े पहने कहीं जाने को तैयार है। पूछा - ‘कहां जा रहे हो?’
‘उसने मेरा हाथ पकड़कर कहा - तुम अच्छे वक्त पर आ गए, नहीं तो मुझे जाना पड़ता। एक अनाथ बुढ़िया मर गई है, कोई उसे कंधा देने वाला नहीं मिलता। कोई किसी मित्र से मिलने गया हुआ है, कोई नशे में चूर पड़ा है, कोई मित्रों की दावत कर रहा है, कोई महफिल सजाए बैठा है। कोई लाश को उठने वाला नहीं है। ब्राह्मण-क्षत्री उस चमारिन की लाश कैसे छुएंगे, उनका तो धर्म भ्रष्ट होता है, कोई तैयार नहीं होता। बड़ी मुश्किल से दो कहार मिले हैं। एक मैं हूं चौथे आदमी की कमी थी, सो ईश्वर ने तुम्हें भेज दिया। चलो, चलें।’
हाय! अगर में जानता कि यह प्यारे मनहर का आदेश है, तो आज मेरी आत्मा को इतनी ग्लानि न होती। मेरे घर कई मित्र आये हुए थे। गाना हो रहा था। उस वक्त लाश उठाकर नदी जाना मुझे अप्रिय लगा। बोला - ‘इस वक्त तो भाई, मैं नहीं जा सकूंगा। घर पर मेहमान बैठे हुए हैं। मैं तो तुम्हें बुलाने आया था।’
मनहर ने मेरी ओर तिरस्कार के नेत्रों से देखकर कहा - ‘अच्छी बात है, तुम जाओ मैं और कोई साथी खोज लूंगा। मगर तुमसे मुझे ऐसी आशा नहीं थी। तुमने भी वही कहा, जो तुमसे पहले औरों ने कहा था। कोई नई बात नहीं थी। अगर हम लोग अपने कर्तव्य को भूल न गए होते, तो आज यह दशा ही क्यों होती? ऐसी होली को धिक्कार है! त्यौहार-तमाशा देखने, अच्छी--अच्छे चीजें खाने और अच्छे-अच्छे कपड़े पहनने का नाम नहीं है। यह व्रत है, तप है। अपने भाइयों से प्रेम और सहानुभूति करना ही त्यौहार का खास मतलब है, और कपड़े लाल करने के पहले खून को लाल कर लो। सफेद खून पर यह लाली शोभा नहीं देती।’ यह कहकर वह चला गया। मुझे उस वक्त यह फटकार बहुत बुरी मालूम हुई। अगर मुझमें यह सेवा-भाव न था, तो उसे मुझे यों धिक्कारने का कोई अधिकार न था। घर चला आया, पर वे बातें बराबर मेरे कानों में गूंजती रही। होली का सारा मजा बिगड़ गया।’ एक महीने तक हम दोनों की मुलाकात न हुई। कॉलेज इम्तहान की तैयारी के लिए बंद हो गया था। इसलिए कॉलेज में भेंट न होती थी। मुझे कुछ खबर नहीं, वह कब और कैसे बीमार पड़ा, कब अपने घर गया। सहसा एक दिन मुझे उसका एक पत्र मिला। हाय! उस पत्र को पढ़कर आज भी छाती फटने लगती है।’
श्रीविलास एक क्षण तक गला रुक जाने के कारण बोल न सके, फिर बोले - ‘किसी दिन तुम्हें फिर दिखाऊंगा। लिखा था, मुझसे आखिरी बार मिल जा, अब शायद इस जीवन में भेंट न हो।’ खत मेरे हाथ से छूटकर गिर पड़ा। उसका घर मेरठ जिले में था। दूसरी गाड़ी जाने में आधे घंटे की कसर थी, तुरंत चल पड़ा। चम्पा! उसके बाद मैंने होली नहीं खेली, होली ही नहीं, और सभी त्यौहार छोड़ दिए। ईश्वर ने शायद मुझे क्रिया की शक्ति नहीं दी। अब बहुत चाहता हूं कि कोई मुझसे सेवा का काम ले। खुद आगे नहीं बढ़ सकता, लेकिन आज वह रंग डालकर तुमने मुझे उस धिक्कार की याद दिला दी। ईश्वर मुझे ऐसी शक्ति दे कि मैं मन में ही नहीं, कर्म में भी मनहरनाथ बनूं।
यह कहते हुए श्रीलिवास ने तश्तरी से गुलाल निकाला और उसे चित्र पर छिड़ककर प्रणाम किया।
आँसुओं की होली का सारांश
'आँसुओं की होली' पंडित श्रीविलास (उर्फ सिलबिल) के जीवन-दर्शन, त्यौहारों के प्रति उनके विरक्ति भाव और एक दुखद अतीत के पश्चाताप पर केंद्रित एक भावुक और संवेदनात्मक कहानी है। श्रीविलास त्यौहारों के उल्लास से दूर रहने वाले व्यक्ति हैं। होली के अवसर पर वे तीन दिनों तक काले वस्त्र पहनकर कमरे में बंद रहते हैं। विवाह के बाद जब उनके साले होली मनाने उनके घर आते हैं, तो उनसे बचने के लिए श्रीविलास ऊपर की कोठरी में बीमारी (जुलाब लेने) का ढोंग रचाकर छिप जाते हैं। साले उनके संदूक की कुंजियाँ लेकर उनके दफ़्तर के सारे वस्त्र रंगों से भिगो देते हैं और भोजन के स्थान पर उन्हें केवल मूंग की खिचड़ी खाने को मिलती है।
रात में जब उनकी पत्नी चंपा स्वादिष्ट पकवानों का थाल लेकर आती है, तो श्रीविलास प्रसन्न होकर उसे मनचाहा पुरस्कार माँगने को कहते हैं। चंपा उनसे अपने साथ होली खेलने का वचन माँग लेती है और उन पर रंग उड़ेलकर गुलाल पोत देती है। किंतु चंपा देखती है कि पति का चेहरा उल्लास के स्थान पर भयंकर मनोवेदना और अश्रुपूरित पीड़ा से भर उठा है।
श्रीविलास चंपा को अपनी इस विरक्ति का कारण बताते हैं। पाँच वर्ष पूर्व होली के दिन उनका परम मित्र मनहरनाथ—जो एक निस्वार्थ, कर्मठ और मानव-सेवा को समर्पित नवयुवक था—उनके पास आया था। मनहरनाथ ने एक अनाथ अस्पृश्य (चमारिन) महिला की लाश को कंधा देने के लिए श्रीविलास से सहायता माँगी थी, जिसे छुआछूत के कारण कोई छूने को तैयार न था। किंतु श्रीविलास ने होली के उत्सव, नशे और मेहमानबाज़ी के कारण जाने से मना कर दिया था। तब मनहरनाथ ने उन्हें धिक्कारते हुए कहा था कि "ऐसी होली को धिक्कार है! त्यौहार केवल खाने-पहनने का नाम नहीं, बल्कि पीड़ित मानवों की सेवा और अपने रक्त को लाल करने का व्रत है।"
इसके शीघ्र बाद मनहरनाथ की अकाल मृत्यु हो गई थी। अपने मित्र के उस अंतिम संदेश को नकारने का अपराध-बोध श्रीविलास के हृदय में शूल की भाँति गड़ गया था, जिसके बाद से उन्होंने त्यौहारों से मुख मोड़ लिया था। चंपा द्वारा होली खेले जाने पर श्रीविलास की सोई हुई नैतिक आत्मा पुनः जाग उठती है। वे अपने दिवंगत मित्र मनहरनाथ के चित्र पर गुलाल अर्पित कर नमन करते हैं और जीवन में केवल रंग पोतने के बजाय कर्म से सेवा का मार्ग अपनाने का संकल्प लेते हैं।
प्रकाशन इतिहास
प्रकाशन इतिहास अद्यतन किया जा रहा है, बने रहें।
महत्त्व और विषय-विमर्श
- त्यौहारों का वास्तविक सामाजिक और नैतिक अर्थ: कहानी यह स्थापित करती है कि त्यौहार केवल व्यक्तिगत उपभोग, अच्छे पकवानों या रंगों के बाह्य प्रदर्शन का नाम नहीं है, बल्कि समाज के शोषित और पीड़ित वर्ग के प्रति प्रेम, सहानुभूति और सेवा का व्रत है।
- जातिगत छुआछूत और मानवीय संवेदना का द्वंद्व: मनहरनाथ का पात्र समाज में फैली छुआछूत की भावना पर प्रहार करता है, जहाँ अनाथ शोषित स्त्री की मृत्यु पर भी उच्च वर्गीय समाज सहकारिता से मुख मोड़ लेता है।
- अपराध-बोध (गिल्ट) और आत्म-रूपांतरण: श्रीविलास का वर्षों तक त्यौहारों से पलायन और अंततः चित्र पर गुलाल चढ़ाकर सेवा-मार्ग का संकल्प लेना यह दर्शाता है कि सच्चा पश्चाताप व्यक्ति को निष्क्रियता से नैतिक कर्म की ओर मोड़ता है।
- सांस्कृतिक आडंबर बनाम आचरण की सात्त्विकता: 'सफेद खून पर लाली शोभा नहीं देती' के माध्यम से प्रेमचंद खोखले बाह्य आडंबरों की तुलना में आंतरिक रक्त (संवेदना और साहस) को लाल करने पर बल देते हैं।
- कहानी का व्यापक महत्त्व: 'आँसुओं की होली' व्यक्तिगत उल्लास और सामाजिक उत्तरदायित्व के बीच के अंतर को स्पष्ट करती है। यह संदेश देती है कि जब तक समाज के दुखीजनों के आँसू पोंछने का प्रयास न किया जाए, तब तक कोई भी उत्सव पूर्ण और पवित्र नहीं हो सकता।
