Cover Image for Shuddhi (शुद्धि) by Munshi Premchand - Short Story
Cover Image for Shuddhi (शुद्धि) by Munshi Premchand - Short Story
कहानी•1928•21 मिनट

शुद्धि

Shuddhi

प्रेमचंद की कहानी 'शुद्धि' लाला प्रेमनाथ की कहानी है, जो राह भटक कर धर्म परिवर्तन कर लेते हैं, पर अपनी निष्ठावान पत्नी गोमती के कारण पश्चात्ताप करते हुए शुद्धि स्वीकार करते हैं।

पात्र:लाला प्रेमनाथ, गोमती, मौलवी ताहिर अली
स्थान:लखनऊ और एक मस्जिद का कोना

शुद्धि का मूल पाठ

आख़िर जो होना था, वही हुआ। लाला प्रेमनाथ को अपना सब कुछ खो चुकने के बाद आखिरकार मालूम हुआ कि बाजारे-हुस्न (वेश्यालय) में वफ़ा की जिन्स अन्क़ा (दुष्प्राप्य) है। अभी बहुत दिन नहीं गुज़रे वह अहबाब (मित्रों) में जाहिदे-खुश्क (उदारताहीन संयमी) मशहूर थे। मगर एक दिन दोस्तों के इसरार (आग्रह) से एक महफिर में शरीक हुए और वी हुस्ना के हुस्ने-जाहिद-फरेव (संयमी व्यक्ति को मायाजाल में फंसाने वाला सौन्दर्य) ने वहीं मज्मए आम (जनसमूह) में उनका दिल लूट लिया। रंगीन मिजाजों के लिए हुस्न और अदा मश्गल-ए-तफरीह (दिल-बहलाव का काम) है। जाहिदों (विषय-विरकक्‍्त) के लिए पैगामें शहादत (शहीद होने का सन्देश)। इन पांच बरसों में प्रेमनाथ के झैलत, इज्जत, दीन, ईमान सब कुछ बी हुस्ना की नज़र कर दिया। अगर वह छुपे-छुपे हुस्ना की परस्तिश (आराधना) उप्र भर किया करते तो कोई बाजपुर्स (पूछताछ) न होती। लेकिन अलानिया खुले बन्दों इंके की चोट रंगरलियां मनाना समाज को कब वरदाश्त हो सकता था ? लोगों की आमदो-रफ्त बन्द हो गई। अइज्जा (नातेदार) बेगाने हो गये। उन्हें देखकर क़तरा जाते। मां ने रो-रोकर समझाया। बीवी ने मिन्‍्नतें कीं। दाना-पानी छोड़ा। मगर प्रेमनाथ के दिल में हुस्ना के सिवा और किसी के लिए अब जगह न थी। यहां तक आखिर मां मजबूर होकर तीर्थ-यात्रा करने चली गई । और गोमती ने मैके की राह ली। प्रेमनाथ का रास्ता और भी साफ हो गया। अनाईयों और मीगसियों की सुहबत रहने लगी। मजहबी पाबन्दियां पहले ही शाख पर जा बैठी थीं। अब उनके पर निकल आए। उड़ गईं। हमनिवाला व हमप्याला हुए। बगैर लुत्फ सुहवत कहां ? खुलूस में इम्तियाज़ (विवेक) कहां ? उल्फत (प्रेम) में मुगायरत (बंगानापन) कैसी ? छूतछात के मिटते ही उनका हिन्दूपन भी मिट गया। जब हिन्दू न रहे, तो मुसलमान, ईसाई, जो णाहे कहो, जो चाहे समझो। मां और बीवी की किनाराकशी ने वगावत की | और फिर भी तहरीक (उत्तेजना) की एक दिन जामे मस्जिद में कल्मा पढ़ लिया। उन्हें इस्लाम से कोई ख़ास अक़ीदत (आस्था) न थीं, जज़्बात हिन्दू थे, ख़यालात हिन्दू थे, ताल्लुक़ात हिन्दू थे। हमदर्दियां हिन्दू थीं, लेकिन आदाब (नियम, शिष्टाचार) हिन्दू न थे। इसलिए वह मुसलमान थे। मुसलमानों के साथ उठना, बैठना, खाना, पीना, क्या उनके मुसलमान होने की दलील क़ातेअ (काटने वाली) न थी ? पर उससे फ़ायदा ही कया कि न इधर मैं, न उधर ? कल्मा पढ़ते ही प्रेमनाथ उल्फत हुसैन बन गये।

लेकिन इस कूचे में कौन साहबे-जर आया जो चन्द दिनों में दानों का मुहताज न हो गया हो ? दुनिया के बाजार में नकद जिन्स की सूरत इख्तियार करती है। निशात (आनन्द) के बाग में रिदी (लम्पटता) और फाक़मस्ती के सिवा और क्‍या है ? शमा बुझते ही परवाने मुन्तशिर (तितर-बितर) हो गये। नख्ले बेसमर (फलहीन वृक्ष) पर तुयूर (परिन्दे) क्यों चहकें ? बाबा आदम के जमाने से जो होता है वही फिर हुआ हुस्ना ने नये आशिक दूंढ॒ निकाले और मियां उल्फत हुसैन बेयारो मददगार, बेरफीक़ व गमगुसार (साथी हीन) एक पुराने मस्जिद में पनाहगुजीं (शरणागत) हुए। सारी दौलत खर्च करके रुसवाई, नदामत (पश्चात्ताप), जिल्‍लत उसरत (निर्धनता) जैसी बेबहा चीजें खरीद लाये। बीमारी धाते में मिली ।


2

अब प्रेमनाथ की अ'खें खुलीं। तीन हफ्ते से मस्जिद के गोशे में पड़ा कराह रहा था। पर कोई पुरसाने-हाल न था। पुराने दोस्त उसकी आशुफ्तासरी (विक्षिप्ता) से मायूस (निराश) होकर उसके नाम से रो बैठे थे। नये दोस्तों में हंसने वालों की तादाद ज्यादा थी। इस हैअतेकजाई (हास्यास्पद) में प्रेमनाथ को प्यारी मां और मेहरबान बीवी की याद आई। आह ! कितनी क्राबिले-रश्क जिन्दगी थी ! क्या बेफ्रिकी के दिन थे ! वह अस्मत की देवी मुझे कितना समझाती रही। पर मैं हवस के नशे मे बेखुद (अचेत) हो रहा था। काश ! एक बार फिर उस देवी से मिल जाता तो जिन्दगी भर उसके क्दमों से जुदा न होता। मगर अब ऐसे नसीब कहां ? अब मुझे कौन पूछेगा ? गोमती को तो मेरी सूरत से नफ़रत हो गई है।

मस्जिद में एक मौलवी साहब रहते थे। ताहिरअली नाम था। बेलीम (निस्वार्थ) आदमी थे। उन्हें प्रेमनाथ की हालत पर रहम आता था। अपने खाने में उन्हें शरीक कर लेते। एक दिन उनसे कहा-''क्यों अपने घर नहीं चले जाते ? यहां कब तक पड़े रहोगे ? आखिर घर तो नहीं गिर गया ! मैं देखता हूं, यही तुम्हारी हालत रोज-बेरोज़ अबतर (दुदशंग्रिस्त) होती जा रही है।'

प्रेमनाथ ने आहे-सर्द खींचकर कहा-'क्यों जले पर नमक छिड़कते हो ? मौलवी साहब, मेरा अब घर-बार कहां ? घर तो कब का बिक चुका है। अब तो कब्र में ही आफ़ियत (शान्ति) नसीब होगी ।”

“ताहम (फिर भी) भला एक बार अपने घर वालों मो बुलाओ, देखो तो क्या जवाब आता है ? बीवी को नहीं कहता, लेकिन मां बच्चे की यह हालत देखकर उसके सारे कुसूर मुआफ कर देगी और छाती से लगा लेगी ।”

प्रेमनाथ ने मायूसाना अन्दाज़ से कहा-“इतना जानता हूं मौलवी साहब, अम्मां को खूबर मिल जाए तो वह चाहे कहीं हों, दौड़ी चली आएंगी। बीवी की जानिब (ओर) से भी मुझे इसका कामिल (पूर्ण) यक्नीन है। वह वफ़ा की देवी है। मौलवी साहब ! ऐसी शर्म व हया तो मैंने कभी देखी नहीं। मुझे यक्रीन है कि वह ज़रूर आएगी। मगर कहूं किस मुंह से, जाऊं कैसे ! अब उन्हें यह रू-स्याह (कलुषित आत्मा) नहीं दिखा सकता। यहीं पड़े-पड़े मर जाना कुबूल है। उनके गम को ताजा नहीं कर सकता। आह! मैं नंगे-खानदान (कुलकलंकनी) हूं। मौलवी साहब ! मैंने बुजुर्गों का नाम डुबो दिया। मेरे पास इतना असासा (धन-दौलत) था कि कई पीढ़ियों तक फरागत (निश्चिता) से गुज़रान होती। लेकिन अब कल्लांच (कंगाल) हूं। यहां तक कि हिम्मत की लकड़ी भी हाथ में नहीं है। अब तो ईश्वर से यही दुआ है कि जितनी जल्द हो सके मेरी मुसीबतों का ख़ात्मा कर दे ।”

मौलवी साहब ने तुर्श (कठोर) होकर कहा-“ईश्वर क्‍यों, खुदा कहो साहब !'

प्रेमनाथ हक़ारत-आमेज (तिरस्कार पूर्ण) लहजे में बोले-““आपके लिए खुदा और ईश्वर दो होंगे, जनाब ! मेरे लिए एक हैं। दुनिया साझे की खेती नहीं, जिसे ईश्वर, खुदा, ब्रह्म, लॉर्ड और जिह्मा ने मिलकर लगाई हो।”

मौलवी साहब नादिम (लज्जित) होकर बोले-“बात तो यही है, विरादर। हां, एक माबूद (ईश्वर) का जो नाम हमेशा सुनते आए हैं उसकी बजाए कोई दूसरा नाम सुनते हैं तो वह जरा कानों को गैर-मानूस (अपरिचित) मालूम होता है। खैर, कहो तो तुम्हारे ससुराल एक खत लिख दूं !”

प्रेमनाथ ने हाथ हिलाकर मना करते हुए कहा-'“'हरगिज नहीं '! मुझे यहीं मरने दीजिए। मेरे आमाल (कर्मो) की यही सजा है। मरने के बाद गोर व कफन (अंत्येष्टि क्रिया) की फिक्र कोई कर ही देगा। उस वक्‍त अलबत्ता एक ख़त डाल दीजिएगा कि बदनसीब प्रेमनाथ एड़ियां रगड़-रगड़कर मर गया। और अब जहन्नुम की अजीयतें (यातना) झेल रहा है। मरने में अब बहुत देर नहीं। ताहिरअली ! ज्यादा से ज्यादा दो दिन। मेरी ससुराल लखनऊ में है। मुहल्ला नौबस्ता। मेरे ससुर का नाम बाबू निहालचन्द है। मगर भाईजान, खुदा के लिए मरने से पहले ख़त न लिखिएगा। आपको खुदा की क़सम है। इस रू-स्याह की अब कफन में ही पर्दापोशी (दोप व अपराध पर पर्दा डालना) होगी ।”


3

तीसरे दिन कोई पहर रात गये दो औरतें मस्जिद के सामने आकर खड़ी हुई। एक मजदूरनी थी, दूसरी गोमती । दोनों मस्जिद की तरफ ताक रही थीं। कुछ पूछने की हिम्मत न पड़ती हे । गोमती आहिस्ता से बोली-“यहां कोई है कि नहीं ? पूछ ! यही रहीमख्नां की मस्जिद की

मजदूरनी ने कहा-“किससे पूछूं ? कोई दिखाई भी तो दे ? (मौलवी को देखकर) अरे मियां साहब ! यही रहीमखां की मस्जिद है ना ?”

ताहिरअली उन दोनों को देखते ही लपककर अन्दर आए और प्रेमनाथ से बोले--““उल्फत हुसैन, उल्फत हुसैन ! सो गये क्‍या ? तुम्हारे घर के लोग आ गये |”

प्रेमनाथ उठकर बैठा ही नहीं, खड़ा हो गया और इज्ूतराब (घवराहट) के आलम में दो क़दम आगे बढ़कर फिर रुक गया और ताज्जुबव से वोला-“मेरे घर के लोग ! खाब देखा है क्या ?”

ताहिर-“ख्याब नहीं है। जनाब, हक़ीक़त है। जरूर तुम्हारे घर वाले हैं। बुला लाऊं ? एक बुढ़िया ने मुझसे पूछा, यही रहीमखां की मस्जिद है। मैंने कुछ जवाब न दिया। सोचा, पहले तुम्हें खबर कर दूं।”

प्रेम ने अन्दाजे-मुलायमत (कोमलता से) से देखकर पूछा-“तुमने ख़त तो नहीं लिख दिया था ?”

ताहिरअली ने माजिरात-आमेज (विवशतापूर्ण) लहजे में कहा-“हां भई, लिख तो दिया। मुझसे तुम्हारी हालत देखकर न रहा गया ।”

प्रेम-'मंने तो तुम्हें क्रम दिला दी थी, फिर भी तुमने न माना। मुझे तुमसे इस क़मीनेपन की उम्मीद न थी। में इसे सरीह (खुल्लमखुल्ला) कमीनापन और दगा समझता हू ।'

“गालियां फिर दे लेना, भईं। इस वक्‍त क्या कहते हो ? बुला लाऊं न ! जरा भले आदमी की तरह वैठ जाओ। ऐसा न हो कि उन लोगों को उल-जलूल बकने लगो ।'

प्रम-''पयहीं +सी को बुलाने की जरूरत नहीं है। कह दो, यहां कोई नहीं है।”

ताहिर-“जरा सोच लो |

प्रेम-““कीन ! अगर तुम किसी को यहां लाये तो मैं इसी क॒एं में कूद पड़ूंगा। बड़े जलील आदमी हो। बनते हो बड़े पार्सा (सदाचारी), मगर छुपे हुए गुर्गे ।'

बुढ़िया मजदूरनी ने मस्जिद के दरवाज़े पर आकर पूछा-''अरे मियां साहब, रहीमखां की मस्जिद यही है ? कब से खड़ी भोंक रही हूं !' काई बोलता ही नहीं ।”

ताहिर- (प्रेम से) “भई, इस वक्‍त मुझ पर रहम करो। अगर मैं जानता कि तुम अपने जामे से बाहर हो जाओगे तो भूलकर भी न लिखता। (बुढ़िया से) हां, यही है रहीमखां की मस्जिद | तुम कौन हो ओर कहां से आई हो ?"

बुठिया-'“'नलखनऊ से आई हूं। बाबू प्रेमनाथ की ससुराल से | बहूजी आई हैं। बाबू साहब कहां हैं »' |

प्रेम- (ताहिर से) “ताहिरअली, तुमने मेरे साथ बड़ी दगा की। सच कहता हूं, इस वक्‍त मेरे हाथ में ताक़त होती तो तुम्हारी गर्दन जरूर तोड़ देता । जालिम ! जरा तो सोचना था कि उस देवी के रू-ब-रू कंसे जाएगा ? कैसे क्‍या होगा ?'

ताहिर-''भाइंजान, माफ करो। सख्त गलती हुई। हक़ तो यह है कि मुझे उनके आने की उम्मीद न थी।'

प्रेम- “मैंने तो तुमसे पहले ही कह दिया था कि गोमती मेरी हालत की ख़दर पाकर जरूर चली आएगी। खेर, अब तो इम्तिहान ले चुके। ॥लूम हो गया कि हिन्दू औरत कितनी वफ़ादार होती है !"'

“अब आप जाकर खुदा के लिए कह दीजिए कि प्रेमनाथ यहां नहीं हैं। और कुछ पूष्ठें तो कह देना कि दोपहर तक यहां थे, मगर न जाने कहां चले गये। मुझसे कुछ नहीं कहा ।”

ताहिरअली ने बेकसाना (दुखित) अन्दाज़ से कहा-“भाईजान, मुझ पर रहम करो और एक अफीफे (पतिव्रता के साथ दगा करने के लिए मुझे मजबूर न करो। जो तुम कहते हो, वह मेरे मुंह से नहीं निकल सकता।”

प्रेमनाथ की आंखें डबडबा आई। इस मुल्ला के दिल में कितना दर्द, कितना खुलूस (निशछलता) कितनी हमदर्दी है ! मौलवी साहब की तरफ एहसानमन्दाना निगाहों से देखकर बोले-“जाइए, बुला लाइए ! कह दीजिए, बदनसीब प्रेमनाथ यहीं है। तय तो कर चुका कि घरवालों को सूरत न दिखाऊं। ऐसी जगह मरना चाहता था, जहां कोई आंसू बहाने वाला भी न हो। लेकिन ईश्वर को मेरी ऐसी पुरसुकून (शांतिपूर्ण) मौत भी मंजूर न थी।'


4

कितना दर्दनाक मंजर (दृश्य) था ! गोमती खड़ी थी। प्रेमनाथ उसके पैरों पर सिर झुकाये हुए था। और बावजूद गोमती की पुरजोर मुदाफिअत (बचाव) के सिर न उठता था। दोनों की आंखों का सैलाब जारी था। जबान दोनों की बन्द। जज्बात के तूफान में अल्फाज डगमगाये हुए चलते थे, पर नातिका (वाणी) तक पहुंचते-पहुंचते ग्काव (डूब) ही जाते थे।

आख़िर गोमती ने सिसकते हुए कहा-“'तुम्हारी तबीयत अब कैसी है ? मौलवी साहब ख़त न लिखते तो मुझे खबर भी न होती। हम ऐसे गैर हो गये 7”

प्रेमनाथ ने सिर उठाया और रिक्क़त-अंग्रेज (नम्नतापूर्वक) लहजे में कहा-“'माफ करो, गोमती मेरी ख़ता माफ करो । अपनी नादानी का खूब मजा चख चुका। इरादा तो यही था कि तुम्हें ख़बर न हो और दुनिया से रखसत हो जाऊं। मगर तकदीर में यह जिल्लत और शर्मिंदगी बदी थी।”

मीमती बैठ गई और शौहर की आंखों से आंसू पोंछती हुई बोली-''जिल्लत और शर्मिन्दगी कैसी ? क्या तुम मुझे गैर समझते हो ? मेरा ईश्वर जानता है कि मैं तुम्हें पहले जो समझती थी वही अब समझती हूं, बल्कि उससे भी ज्यादा। दौलत का क्‍या गम २ तक़दीर में होगी, फिर मिल रहेगी। मेरे लिए तुम्हारी ख़िदमत ही सबसे बड़ी दौलत है। सुहाग औरत के लिए सबसे बड़ी न्‍्यामत है। तुमने मुझे छोड़ दिया था, लेकिन मैं तुम्हें क्योंकर छोड़ देती ? मैं तो हमेशा के लिए तुम्हारी हूं।”

प्रेमनाथ ने मुश्तवह (शंकित) अन्दाज से कहा-“'पर यह कैसे होगा, गोमती २ हमारे दरमियान तो एक आहनी (लोहे) दीवार खड़ी है। दुनिया मुझे मुसलमान कहती है, और मुसलमान समझती है। हालांकि मैं सच्चे दिल से कहता हूं, मझे इस्लाम से कभी अक़ीदत न थी। मुझे मर जाना क़बूल हैं, पर तुम्हें रुसवा (बदनाम) नहीं कर सकता।'

इस ख़याल से प्रेमनाथ के दिल पर ठेस लगी और आंखों से आंसू जारी हो गये। एक लमहे के बाद उसने जब्त करके पूछा-'“एक बात पूछूं बतलाओगी? गोमती, सच कहना ।”

गोमती-“क्या बात है, कहो ! मैं तुमसे झूठ नहीं बोलती ।'”

प्रेमनाथ ने शर्म से सिर झुका लिया। यह सवाल बेमौका था, यह बात उससे छिपी न थी। उसका जवाब गोमती के लिए कितनी रूहानी कोफ्त (आत्मिक पीड़ा) का बायस होगा, यह भी वह जानता था। ताहम वह गोती के चेहरे की तरफ़ जवाब के लिए मुतजिर निगाहों से देखने लगा।

गोमती ने सिर झुकाये हुए, मगर दिलेराना (वीरोचित) लहजे में कहा-““बेहतर होता कि तुम मुझसे यह सवाल न करते। प्यारे ! अगर मैं कई साल गायब रहने के बाद तुम्हारे पास आती तो तुम्हारे दिल में मेरी जानिब से जो कुछ खयाल होते उनसे मेरे दिल का अन्दाज कर सकते हो। दिल तुम्हारी तरफ दौड़ता है, मगर जिस्म पीछे हटता है। मैं तुम्हारे लिए इस वक्त भी जान कुरबान कर सकती हूं, लेकिन...”

गोमती खामोश हो गई। अपने इजहारे-हाल (दशा वर्णन) के लिए उसे मुनासिब अल्फाज न मिले। प्रेमनाथ इस झिञ्लक का मतलब समझकर जोश से बोला-“'मैं तुम्हागा मतलब समझ रहा हूं, गोमती ! और खुश हूं कि तुमने उसे ज़ाहिर कर दिया। आपस में किसी तरह का पर्दा न चाहिए। मेरी शुद्धी तो हो सकती है। क्या तब भी तुम्हें म॒झसे ऐतराज होगा ? मैं शुद्धी का हामी नहीं हूं। गोमती, हिन्दू समाज में अब भी ऐसे बेशुमार आदमी पड़े हुए हैं जिनके हाथ का पानी पीना मुझे गवारा न होगा। हमारा समाज ऐसे ही आदमियों से भरा हुआ है। लेकिन उनके साथ मिलने के लिए मैं अपनी शुद्धी करानी शमेन।क समझता हूं। लेकिन तुम्हारी खातिर मुझे यह आजमाइश भी क़बूल हा

गोमती ने एहसानमंदाना नजरो से देखकर कहा-“तो कब ?''

प्रेमनाथ बोले-““जब तुम्हारा जी चाहे ।”


शुद्धि का सारांश

'शुद्धि' मुंशी प्रेमचंद द्वारा रचित एक संवेदनशील और विचारोत्तेजक कहानी है, जिसमें भटके हुए मनुष्य के पश्चात्ताप, भारतीय नारी की अगाध दांपत्य-निष्ठा और सामाजिक-धार्मिक रूढ़ियों के द्वंद्व का सजीव चित्रण किया गया है। कहानी के मुख्य पात्र लाला प्रेमनाथ पहले अत्यंत संयमी और सम्मानित व्यक्ति थे। किंतु मित्रों की सोहबत में आकर वे हुस्ना नामक एक वेश्या के मोहपाश में ऐसे जकड़े कि उन्होंने अपनी सारी पैतृक धन-दौलत, पारिवारिक मर्यादा, अपनी वृद्ध माँ और निष्ठावान पत्नी गोमती को त्याग दिया। समाज द्वारा जाति-बहिष्कार किए जाने पर और विद्रोही मनोभाव के कारण उन्होंने जामा मस्जिद में कलमा पढ़कर अपना नाम 'उल्फ़त हुसैन' रख लिया, यद्यपि उनके मन में इस्लाम के प्रति कोई वास्तविक धार्मिक आस्था नहीं थी।

दौलत समाप्त होते ही वेश्या ने उन्हें बेसहारा छोड़ दिया और नए रईस आशिक तलाश लिए। पाई-पाई को मोहताज, समाज से तिरस्कृत और गंभीर बीमारी से ग्रस्त प्रेमनाथ एक पुरानी वीरान मस्जिद के कोने में लाचार होकर पड़े रहे। उस मस्जिद के एक निस्वार्थ और परोपकारी मौलवी ताहिर अली ने दया करके उन्हें अपने भोजन में साझीदार बनाया और उनकी सुध ली। प्रेमनाथ अपने किए पर घोर पश्चात्ताप की अग्नि में जल रहे थे। वे अपनी पत्नी गोमती की पवित्रता और वात्सल्यमयी माँ को याद कर रोते थे, किंतु अपनी कलंकित अवस्था में उन्हें मुँह दिखाने से कतराते थे।

प्रेमनाथ के मना करने पर भी, उनकी मरणासन्न दशा देखकर मौलवी ताहिर अली ने मानवता के नाते चुपके से उनके ससुराल लखनऊ में गोमती को पत्र लिख दिया। पत्र पाते ही गोमती बिना किसी विलंब के एक मजदूरनी के साथ रात के समय मस्जिद में पहुँच गई। अपने सामने गोमती को देखकर प्रेमनाथ उसके पैरों पर गिरकर रोने लगे और अपने अपराधों की क्षमा माँगने लगे। गोमती ने न केवल उन्हें सहृदयता से क्षमा कर दिया, बल्कि यह भी कहा कि धन की हानि कोई मायने नहीं रखती; पति का जीवन और सुहाग ही उसके लिए संसार की सबसे बड़ी नेमत है।

परंतु धर्म-परिवर्तन और सामाजिक मान्यताओं की एक अदृश्य दीवार दोनों के बीच बाधा बन रही थी। प्रेमनाथ द्वारा पूछे जाने पर गोमती ने संकोचपूर्वक स्वीकार किया कि उसका मन तो प्रेमनाथ की ओर दौड़ता है, किंतु शरीर धर्म-संस्कारों के संकोच से पीछे हटता है। प्रेमनाथ अपनी पत्नी के इस हार्दिक संकोच को समझ जाते हैं और गोमती के सम्मान व दांपत्य प्रेम की पुनर्स्थापना के लिए 'शुद्धि' (पुनः हिंदू धर्म में लौटने के संस्कार) की परीक्षा से गुजरने के लिए सहर्ष तैयार हो जाते हैं। यद्यपि वे हिंदू समाज के जातिगत पाखंड और औपचारिक शुद्धि के पक्षधर नहीं थे, किंतु गोमती के अटूट प्रेम और विश्वास की खातिर वे इस अंतिम बाधा को भी पार करने का संकल्प लेते हैं।


प्रकाशन इतिहास

प्रकाशन इतिहास अद्यतन किया जा रहा है, बने रहें।


महत्त्व और विषय-विमर्श

  • विलासिता और नैतिक पतन का दुष्परिणाम: प्रेमनाथ का सर्वस्व गँवाकर मस्जिद के कोने में पहुँचना यह दर्शाता है कि क्षणिक वासना और विवेकहीनता किस प्रकार संपन्न और प्रतिष्ठित व्यक्ति को भी कंगाली और आत्म-विनाश के गर्त में धकेल देती है।
  • भारतीय नारी का उदात्त और क्षमाशील चरित्र: गोमती का चरित्र त्याग, अटूट पातिव्रत्य और निस्वार्थ प्रेम का अनुपम उदाहरण है। वह पति के घोर विश्वासघात, पर-स्त्री गमन और धर्म-परिवर्तन के बावजूद कटुता को भुलाकर केवल उसके जीवन और सम्मान की रक्षा करती है।
  • मौलवी ताहिर अली और सच्ची इंसानियत: मस्जिद के मौलवी ताहिर अली का निस्वार्थ भाव से प्रेमनाथ की सेवा करना और उसके परिवार को मिलाना संकीर्ण सांप्रदायिक सीमाओं से परे विशुद्ध मानवीय करुणा और बंधुत्व को रेखांकित करता है।
  • 'शुद्धि' की अवधारणा और वैचारिक द्वंद्व: कहानी शुद्धि आंदोलन और बाह्य धार्मिक संस्कारों पर एक बौद्धिक प्रश्न उठाती है। प्रेमनाथ समाज के पाखंड को जानते हुए भी केवल प्रेम और दांपत्य विश्वास की रक्षा के लिए इस औपचारिकता को स्वीकार करता है।
  • कहानी का व्यापक महत्त्व: प्रेमचंद ने 'शुद्धि' में बाह्य कर्मकांडों और मजहबी दीवारों की तुलना में आत्म-शुद्धि, पश्चात्ताप और मानवीय प्रेम को सर्वोपरि स्थान दिया है। यह कहानी यह संदेश देती है कि प्रेम और क्षमा ही मनुष्य का सबसे बड़ा उद्धारक है।

इस रचना को उद्धृत करें

शोध एवं शोध-पत्रों के लिए अकादमिक संदर्भ

Premchand, Munshi. "शुद्धि." *Munshi Premchand Digital Archive*, 1928, https://munshipremchand.com/works/short-stories/shuddhi. Accessed 22 Sep. 2026.