करिश्मा-ए-इन्तकाम (अद्भुत प्रतिशोध) का मूल पाठ
क़रीब बीस साल के गुजरे, बुन्देलखंड के एक जिले में शिवनाथ नाम का एक खंगार रहता था। बड़ा गरीब, ईमानदार, कुश्ती और पटे में मश्शाक़ (कुशल, अभ्यस्त)। क़रीब के थाने में तीन रुपया महावार मुशाहरा (वेतन) पर चौकीदारी का काम करता था। यही उसकी माश (जीविका का साधन) थी, मगर वे अर्जानी (सस्ती) के दिन थे। उसकी बड़ी फ़रागत (निर्श्चितता) से निभती जाती थी।
शिवनाथ जिस मौजे का वाशिंदा था, उसके एक नम्बरदार साहब का नाम लालसिंह था। लालसिंह औबाश (बदमाश), आवारा-मिजाज आदमी था। गाँव की हयादार औरतें बेमहाबा (निडरता) कहतीं कि किसी तरह उसकी दोनों आँखें बैठ जाएँ। न आँखें रहेंगी, न यह दूसरों की बहू-बेटियों पर बुरी निगाह डालेगा। एक रोज घूमता हुआ शिवनाथ के दरवाजे की तरफ़ आ निकला और अपना दामे-मोहब्बत (प्रेम-पाश) फैला गया। शिवनाथ तो उधर थाने चला गया और मोहब्बत की घातें यहाँ अपना काम करती रहतीं। आखिर गरीब खंगारन लालसिंह के जाल में फैंस गई।
कुछ दिनों तक यह राज पोशीदा (छिपा) रहा, मगर गुनाह छिपाने से कब छिपता है? गाँव में सरगोशियाँ (कानाफूसी) होने लगीं। शिवनाथ को भी ख़बर हुई। बीवी का मिजाज कुछ दिनों से बदला हुआ देखकर उलझन में पड़ा हुआ था। कुछ शुबहा हुआ। लालसिंह से जाकर बोला, “ठाकुर साहब, मैं गरीब आदमी हूँ। मेरी इज्जत, हुर्मत (प्रतिष्ठा) सब आपके हाथ में है। मुझे और आपको गाँव वाले बदनाम कर रहे हैं। ऐसा कुछ कीजिए कि मैं भी गाँव में बसा रहूँ और तुम्हारी भी बदनामी न हो ।”
मगर लालसिंह नशे-ताक़त में भूला हुआ था। शिवनाथ को डांट-डपट बतायी और धक्के देकर निकलवा दिया। शिवनाथ को गुस्सा तो आया मगर जब्त कर गया, और जाकर अपने थानेदार साहब से सारी कैफ़ियत बयान की। थानेदार ने लालसिंह को थाने में बुलाया, मगर शाम को लोगों ने उसे मूँछों पर ताव देते हुए लौटते देखा। बेदाग छूट आया।
सौ-पचास रुपयों ने मुश्किल आसान कर दी। गरीब शिवनाथ को इस दरबार से मायूस (निराश) होना पड़ा। आख़िर उसके दिल ने वह फ़ैसला किया जो ऐसी हालतों में अक्सर आखिरी फ़ैसला होता है।
कुछ दिन और गुजरे। शिवनाथ अपने घर में बेगानों की तरह आता और मेहमान की तरह रहता | वह घर अब उसका घर न था और न वह औरत उसकी बीवी थी। वह घर अब लालसिंह का था और औरत अबं लालसिंह की बीवी थी।
एक दिन शिवनाथ ने अपनी बीवी से कहा, “मैं एक सरकारी काम से मौदहा जाता हूँ, चार-पाँच दिन लगेंगे, खूब होशियारी से रहना ।” गँवार औरत तिरिया-चरित न पढ़ी थी। यह खबर सुनते ही बाग-बाग हो गई। लबों पर तबस्सुब (मुस्कराहट) आ गया। यह मुस्कराहट शिवनाथ के कलेजे में बर्छी की तरह उतर गई। जब वह आटा-दाल बाँधकर घर से निकला तो लालसिंह के भाग जागे। जामे में फूले न समाये। सोचा कि अब चार-पाँच दिन चैन ही चैन है।
आधी रात का वक्त था। शिवनाथ ढाक के जंगल में छिपा हुआ था। उसने अपनी गेंडास खूब तेज कर रखी थी। जब सारस के नालों ने दूसरा पहर बजाया तो वह कटार हाथ में लेकर अपने घर का त९9५ चला। वहाँ जाकर देखा तो दरवाजा बन्द था। बन्दर की तरह लपककर छप्पर पर चढ़ गया और आँगन में कूद पड़ा। अन्दर जाकर देखा तो ठाकुर साहब और उनकी माशूक़ा-ए-दिलनवाज़ (हृदय की प्रेमिका) दोनों सरमस्ते-ख्वाब (स्वप्नलीन) हैं। कौन इस नज़ारे की ताब ला सकता है ? ललकारकर बोला. “लालसिंह, ख़बरदार हो जाओ, अब तुम्हारा काल आ पहुँचा है।”
लालसिंह हकबकाकर उठा ही था कि कटार का भरपूर हाथ गर्दन पर पड़ा और सिर अलग जा गिरा। खँगारिन शिवनाथ के पैरों पर गिर पड़ी। शिवनाथ ने उससे सिर्फ़ इतना कहा, “शर्म हो तो चुल्लू भर पानी में डूब मर !” मगर उस पर हाथ नहीं उठाया। रात ज्यों-त्यों गुजरी । सवेरा होते ही शिवनाथ ने एक हाथ में इस सरे-बुरीदा (कटे सिर) को लटकाया और दूसरे में खून-आलूदा (खून से लथपथ) गडास लिये हुए अपने थाने की तरफ़ चला और थानेदार साहब के रू-ब-रू वह सिर रखकर बोला, “आपके जो इन्साफ़ न हो सका वह इस तलवार ने किया। लीजिये, यह सर हाजिर है। आज से शिवनाथ खंगार पुलिस का दुश्मन है। निकल आये जिसे कुछ हौसला हो। शिवनाथ ललकार कर थाने से जाता है। यह न कहना, चुपके से निकल गया ।”
बीस जवान बैठे यह ललकार सुनते रह गये, मगर किसी की हिम्मत न पड़ी कि उस झल्लाए हुए खंगार को रोक ले।
2
शिवनाथ ने चारों तरफ़ ऊधम मचाना शुरू किया। कहीं इस गाँव में आग लगाता कहीं उस गाँव में डाका मारता। उसे रुपये-पैसे की भूख न थी, उसे नम्बरदारों के खून की प्यास थी। कितने ही नम्बरदारों के घर बेचिराग हो गये। रफ्ता-रफ्ता उसकी एक जमीअत (गिरोह) क़ायम हो गई। शिवनाथ के नाम से लोग थरनि लगे। एक फर्दे-बशर (अकेले व्यक्ति) ने सारे जिले में हलचल डाल दी। सरेशाम ही से घरों के दरवाज़े बन्द हो जाते, रास्ता चलना दुश्वार हो गया | जहाँ देखिए, शिवनाथ मौजूद है। आज यहाँ डाका तो कल यहाँ से पचास मील पर आग लगायी। बड़े-बड़ों का सिर नीचा हो गया। दिन-दहाड़े उसका पैगाम पहुँचता कि शिवनाथसिंह का फलाँ मुक़ाम पर पड़ाव है, तुम उसकी दावत का सामान वहाँ भिजवा देना, वर्ना बुरा होगा। जिसने हुक्म-उदूली (आज्ञा का उल्लंधन) की, उसी जान की खैर न थी। उसकी हिम्मत और ताक़त की रिवौायतें सुनकर लोग दंग रह जाते थे। दाँतों में तलवार दबाकर हाथी के मस्तक पर जा बैठना उसके नजदीक एक अदना-सी बात थी और वह चोरों की तरह छिपकर न रहता। रातों को मैदान में उसकी महफ़िलें आरास्ता (सुसज्जित) होतीं और पहाड़ियाँ नग्मों की सदाओं से गूँजतीं। तीन रुपये का चौकीदार सेठ-साहूकारों और बड़े-बड़े ज़मींदारों से खिराज (राजस्व, कर) लेने लगा।
एक दिन शिवनाथ ने एक मुतमव्वल (धनवान) अहीर के घर पर डाका मारा। जब मालो-असबाब लेकर चलने लगे तो नौजवान अहीर उसके सामने आकर खड़ा हो गया और बोला, “गुरुजी, मेरी जमा-जथा तो तुम लिये जाते हो, मैं कहाँ रहूं। मुझे भी साथ लेते चलो ।”
शिवनाथ उसका चेहरा-मोहरा, डील-डौल देखकर दंग रह गया। मर्द नहीं, शेर था। शेर की गर्दन, गैंडे का सीना, गोया बदन में सेंदुर भरा हो। बोला, “सच कहते हो ?”
अहीर, “हॉ।”
शिवनाथ, “तुम्हारा नाम कया है ?”
अहीर, “दंगल।””
शिवनाथ, “आज से तुम दंगलसिंह हो ।”
दंगल, “इस नाम की मरजाद तुम्हारे हाथ है।'
शिवनाथ, “शक्ल तो तुम्हारी मर्दों की-सी है। दगा तो न दोगे ?”
दंगल, “मारूँगा तो कहकर मारूँगा। दगा देना मर्दों का काम नहीं है।'
शिवनाथ ने दंगलसिंह का सारा माल उसी वक्त वापस कर दिया और उसी दिन उन दोनों में उस दोस्ती और वफ़ादारी की बुनियाद पड़ी जो मरते दम तक क़ायम रही। पहले एक था, अब एक से दो हुए। दोनों मर्दे-मैदाँ (रण-बांकुरे)। शिवनाथ ने अकेले जिले में अंधेर मचा रखा था, अब दोनों ने मिलकर तूफ़ान बरपा कर दिया । शिवनाथ और दंगल का नाम सुनकर लोगों की रूह फना हो जाती थी।
3
तीन साल तक सारे जिले में कोहराम मचा रहा । दोनों डाकू गजब के दिलेर थे। सौ-सौ आदमियों के वीच से यूँ निकल जाते, गोया विजली कौंध गयी। उनके ख़ौफ़ से पुलिस के आदमियों को नींद न आती। थानेदार और पुलिस के इंस्पेक्टर उन्हें नजराने दिया करते। एक रोज दोनों एक पहाड़ी पर बैठे हुए थे। शाम हो गई थी। उन्हें दूर से एक आदमी घोड़े पर सवार आता दिखाई दिया। उसके पीछे-पीछे पालकी पर उसकी बीवी भी थी। मैके से विदा कराये लिये आता था। दंगल ने कहा, “गुरु, यह शिकार अच्छा आ रहा है। इसे हाथ से जाने न देना चाहिए।”
यह सलाह करके दोनों पहाड़ी से उतरे और सवार से पूछा, “ठाकुर साहब, कहाँ से आते हो ? यहीं ठहर जाओ | आगे डाकू लगते हैं। यहाँ सरे-शाम ही से रास्ता बन्द हो जाता हैं”
ठाकुर का नाम धनीसिंह था। बोला, “ठहरना तो मैं भी चाहता हूँ, मगर यहाँ ठहरने के लायक कोई जगह नहीं दीखती |”
दंगल-“इस पेड़ के नीचे कुआँ है, साया है, और क्या चाहिए। आज यहीं ठहरिये ।”
धनीसिंह-““तुम लोग कौन हो »”
दंगल-“हम भी मुसाफ़िर हैं। आज रात यहीं काटेंगे।”
धनीसिंह- “अच्छी बात है। यहाँ कोई गाँव नजदीक है न ?”
दंगल-“घोड़े से तो उतरो। तुम्हारे आराम का सब इन्तजाम हो जायेगा। बन्दूक़ तो बड़ी तरहदार (बांकी) रखते हो। जरा इधर तो बढ़ाना ।”
धनीसिंह चकमे में आ गया। बन्दूक़ दंगलसिंह को दे दी। फिर कया था ! शिवनाथ ने धनीसिंह को घोड़े से श्वींचन लिया और उसके हाथ-पैर बाँध दिये। कहारों ने यह कैफ़ियत देखी तो पालकी छोड़कर भाग तिकले। ठकुराइन ने पालकी का पर्दा उठाकर झाँका तो आँखों में अंधेरा छा गया। धम से कुएँ में कूद पड़ी । धनीसिंह की आँखें खून की तरह सुर्ख हो रही थीं। बोला-'““यारो, यह दगा की मार है|”
दंगल-““जब तक जवान से काम निकले, हम लोग देवी को तकलीफ़ नहीं देते ।'
धनीसिंह-''क्या मुझे जीता छोड़े जाते हो ?'”
दंगल-“'हाँ, खूब चैन करो |
धनीसिंह-“'पछताओगे, मैं भी ठाकुर हूँ। कभी-न-कभी बदला लूँगा।'
दंगल-““हमारे एक लाख दुश्मन हैं। तुम एक और मही।"
धनीसिंह-“'अच्छा तो ख़बरदार रहना। तुमने दगा की मार मारी है। मैं भी दगा की मार मारूँगा |!
4
इस वाक़िया के एक महीने बाद ख़बर उड़ी कि जगतसिंह नाम का एक नया डाकू उठ खड़ा हुआ है और साल भर के अन्दर उसने इस कसरत से डाके मारे कि शिवनाथ और टंगल के कारनामे उसके सामने मांद (धूमिल) पड़ गये। मगर बिल-उमूम (प्रायः) यह नया डाकू क़त्ल और लूट से मोतरिज (दूर) रहता। वह आंधी की तरह उठता और गांव को घेर लेता | बन्दूक़ की सदाएँ सुनायी देतीं। दो-चार पुराने झोंपड़ों में आग लग जाती और मतला (वातावरण) साफ़ हो जाता। न किसी की जान जाती, न किसी का माल जाता। ये सब लोग कहते कि जगतसिंह ने फलाँं गाँव में डाका मारा, मगर यह कोई नहीं कहता कि नुकसान क्या हुआ। यह नया डाकू दौलत का भूखा न था, न खून का प्यासा। वह डाकू की शोहरत चाहता था।
दंगल ने एक दिन शिवनाथ से कहा-““भइया, यह तो एक नया खिलाड़ी पैदा हुआ |” शिवनाथ-“बहादुर आदमी है, पूरा वीर ।”
दंगल-“हमारा-उसका मेल हो जाये तो अच्छा ।”
शिवनाथ-'“'सूबे का सूबा लूट लें।”
दंगल-““कहो तो आज संदेसा भेज दूँ।”
शिवनाथ-“भेज दो, मगर होशियार रहना ।”
जगत के पास पैगाम पहुँचा तो उसका चेहरा खिल गया। दिल की खुशी दबाये न दबी। मुद्दों की आरजू पूरी हुई। संदेसिये से कहा-“गुरुजी से हमारा पालागन कहना। हम तो उनके चाकर हैं। जब हुक्म हो, हाजिर हों। आपस में कपट क्यों ?”
तीसरे दिन एक नदी के किनारे दोनों डाकू जगतसिंह से मिले। दंगल उसे देखकर चौंक पड़ा और ऐसा घबराया गोया गिर पड़ेगा । शिवनाथ भी चौंका, मगर सँभल गया। यह जगतसिंह कोई और न था, यह वही धनीसिंह ठाकुर था।
धनीसिंह ने कहा-“गुरु, मुझे पहचान गये न ?”
शिवनाथ-“हाँ, पहचान गया। यह बाना कब से लिया ?”
धनीसिंह-“उसी दिन से, जब आपके दर्शन हुए।”
शिवनाथ-“'मेरी तरफ़ से दिल साफ़ है न ? पिछली बातें भूल गये या नहीं ?”
दंगल- “अगर न भूले हो तो फिर हमारा-तुम्हारा मेल न होगा |
धनीसिंह ने संजीदगी के साथ कहा-“'गुरु, शेरों के दिल में कीना नहीं होता |
शिवनाथ-“हम-तुम अब भाई हैं।”
धनीसिंह-“मैं ऐसा ही समझता हूँ। आओ, गले मिल जायें। जो कुछ क्रानी कसर हो, निकल जाये।” ।
तीनों आदमी बाहम (परस्पर) गले मिले और रात-भर खूब जश्न मनाया गया।
5
साल भर और गुज़रा। तीनों डाकुओं ने जिले को तबाह कर दिया। उनके लिए रात-दिन, अधेरे-उजाले की कैद न थी। वे दिन-दहाड़े लूटते और पहले से न्यौता देकर। फितना ( दुष्ट) और क़यामत (प्रलय) के साथ काली बला और आ मिली । मेंह और आँधी के साथ बिजली का याराना हो गया।
होली के दिन थे। एक सेठ के घर डाका पड़ा। गरीब फाग गा रहे थे और खुशियाँ मना रहे थे। रंग में भंग पड़ गया। डाकू मालामाल हो गये। दंगलसिंह ने कहा-''गुरु, आज धूम से जलसा हो। आज हम भी होली मनायेंगे |”
दो परियाँ बुलायी गयीं। शराब का एक प्याला लाकर रख दिया गया। शराब का दौर शुरू हुआ और तबला गमकने लगा। परी शीशे में थी, शीशा परी के हाथ में, खूब शराब उड़ी। दंगल की आँखें झपक गयीं। मदहोश होकर बोला-“हम अब सोते हैं। देखें, कौन हमको पकड़ लेता है।
शिवनाथ के होश वज़ा थे, मगर आँखों में लुरू आ गया था। धनीसिंह से बोला-“भइया, दंगल तो गिरे, अब सवेरे ही उठेंगे। तुम्हारी आँखें भी चढ़ी हुई हैं। दूसरे आदमियों का एतबार नहीं । क्यों न तुम भी थोड़ी देर आराम कर लो। फिर तुम्हें जगाकर मैं एक नींद सो लूँगा।”
यह कहकर बन्दूक़ हाथ में ली और पहाड़ी के आस-पास चक्कर काटने लगा, मगर हवा लगी तो शराब रंग लायी। एक चट्टान के सहारे खड़ा हो गया और खड़े-खड़े खरटि लेने लगा। अब धनीसिंह उठा। वह धुन का पक्का, बात का धनी ठाकुर अपने इरादे पर अब तक क़ायम था। बंदूक़ भरकर दंगलसिंह के सिर पर जा पहुँचा और ललकार कर बोला-
“डाकू, होशियार हो जा। तेरी क्रजा सिर पर आ पहुँची ।”
दंगलसिंह लड़खड़ाता हुआ उठा मगर गोली सीने के पार हो गयी और लाश चट्टान पर तड़पने लगी। बंदूक की आवाज शिवनाथ के कान में पहुँची। चट्टान की आड़ से झॉककर देखा तो धनीसिंह बंदूक सीने से लगाये उसकी तरफ़ चला आता था। चट्टान से चिमटकर बोला-““आखिर दगा की।”
धनीसिंह-“दगा का जवाब दगा है।”
शिवनाथ- “मैं तेरी चाल समझ गया था।”
धनीसिंह-““समझऐ तो धोखा न खाते ।'
दोनों ने बन्दूक़ें दागीं, मगर दोनों निशाने खाली गये। इतने में शोर मच गया।
तरफेन (दोनों तरफ से) से आदमी जमा हो गये। धनीसिंह ने शिवनाथ को गिरफ़्तार करना चाहा, मगर वह साफ निकल गया।
इस तरह एक बात के धनी ठाकुर के इन्तिक्राम का फ़र्ज पूरा किया और मुल्क को एक बला-ए-मुहीब (भयानक विपत्ति) से निजात दी। इसके बाद कई साल तक धनीसिंह के मकान पर कांस्टेबिलों का पहरा रहा और जहाँ कहीं वह जाता, कांस्टेबिल उसकी हिफ़ाजत के लिए साथ रहते। ताहम (फिर भी), शिवनाथ रात और दिन में कम-से-कम एक बार उसके मकान का चक्कर लगाता और दो-चार निशाने जरूर सर करता, मगर कभी निशाना कारगर न हुआ।
धनीसिंह को सरकार से जागीर अता (अधिकारी) हुई। उसके लड़के अब तक उस पर काबिज (अधिकारी) हैं। फिर न मालूम शिवनाथ का क्या हश्र हुआ। उसने उसी दिन से डाका मारना तर्क (परित्याग) किया। कुछ लोगों का ख़याल है कि भगत होकर जगन्नाथ चला गया। कुछ लोग कहते हैं खुदकुशी कर ली, मगर यक़ीनी तौर पर कुछ मालूम नहीं।
लालसिंह नम्बरदार के नाम पर एक चबूतरा बनाया गया। गाँव में अभी तक उसकी पूजा होती है। वह शख्स जो जिन्दगी में कुछ न कर सकता था, अब इन्सानी नेमतों (वरदान) और मसर्रतों (खुशियों) का खजांची समझा जाता है।
करिश्मा-ए-इंतकाम का सारांश
शिवनाथ नाम का एक कुख्यात डाकू पूरे जिले में आतंक फैलाए हुए है। बाद में दंगलसिंह भी उसके साथ मिल जाता है और दोनों की जोड़ी का भय चारों ओर फैल जाता है। एक दिन वे ठाकुर धनीसिंह को उसकी पत्नी के साथ रास्ते में रोककर धोखे से बंदी बना लेते हैं। धनीसिंह अवसर पाकर दंगलसिंह को गोली मार देता है, लेकिन शिवनाथ बच निकलता है। शिवनाथ इस घटना को अपने साथ हुई दगाबाज़ी मानता है और बदला लेने का संकल्प करता है।
कुछ समय बाद जगतसिंह नाम का एक नया डाकू इलाके में प्रसिद्ध हो जाता है। वह दूसरे डाकुओं से अलग है—उसका उद्देश्य धन या हत्या नहीं, बल्कि डाकू के रूप में अपनी ख्याति स्थापित करना है। शिवनाथ और दंगलसिंह उसके साहस से प्रभावित होकर उसे अपने साथ मिलाना चाहते हैं। जब तीनों की भेंट होती है, तब पता चलता है कि जगतसिंह वास्तव में वही ठाकुर धनीसिंह है, जिसने पहले दंगलसिंह को मारकर शिवनाथ से अपना बदला लिया था।
इसके बाद शिवनाथ स्वयं पुलिस और समाज के लिए और भी बड़ा खतरा बन जाता है। एक अवसर पर वह अपने पुराने शत्रु लालसिंह की हत्या करके उसका सिर थानेदार के सामने ले जाता है और पुलिस को खुली चुनौती देता है। कहानी में प्रतिशोध इस प्रकार केवल व्यक्तिगत बदले तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पात्रों के जीवन और उनके अपराधी संसार को लगातार अधिक हिंसक और विनाशकारी बनाता जाता है।
प्रकाशन इतिहास
‘करिश्मा-ए-इंतकाम’ का प्रथम प्रकाशन उर्दू में फरवरी 1911 में ज़माना पत्रिका में हुआ। उर्दू में यह बाद में प्रेम-पच्चीसी में संकलित नहीं हुई। हिंदी में इसका प्रकाशन पहली बार जुलाई 1976 में सारिका पत्रिका में हुआ और बाद में इसे सोलह अप्राप्य कहानियाँ तथा प्रेमचंद का अप्राप्य साहित्य, खंड 1 में संकलित किया गया।
महत्त्व और विषय-विमर्श
-
प्रतिशोध की श्रृंखला: कहानी में एक घटना से जन्म लेने वाला बदला दूसरी हिंसक घटना को जन्म देता है। धनीसिंह और शिवनाथ के बीच का संघर्ष इसी प्रतिशोध-चक्र का प्रमुख उदाहरण है। धनीसिंह द्वारा दंगलसिंह की हत्या के बाद शिवनाथ की प्रतिक्रिया इस चक्र को और आगे बढ़ाती है।
-
दगा और बदले का संबंध: कहानी में ‘दगा’ और ‘दगा का जवाब’ बार-बार सामने आने वाली नैतिक धुरी हैं। शिवनाथ और धनीसिंह दोनों अपने कार्यों को पिछले विश्वासघात या आघात की प्रतिक्रिया के रूप में देखते हैं। इस प्रकार प्रेमचंद प्रतिशोध को एक ऐसे चक्र के रूप में दिखाते हैं जिसमें हर पक्ष अपने हिंसक व्यवहार को उचित ठहराने का कारण दूसरे के पिछले व्यवहार में खोजता है।
-
अपराध और प्रतिष्ठा: जगतसिंह का चरित्र कहानी के अपराध-जगत की एक अलग प्रवृत्ति सामने लाता है। वह धन या रक्तपात के लिए नहीं, बल्कि डाकू के रूप में प्रसिद्ध होने की इच्छा से अपराध करता है। इससे कहानी अपराध के पीछे मौजूद प्रतिष्ठा और शक्ति की लालसा को भी रेखांकित करती है।
-
हिंसा का विस्तार: शिवनाथ का अपराध व्यक्तिगत प्रतिशोध से आगे बढ़कर पूरे क्षेत्र के लिए आतंक बन जाता है। उसके गिरोह के बढ़ने के साथ गाँवों में भय, आगज़नी और लूट का वातावरण फैलता जाता है। इस तरह व्यक्तिगत हिंसा धीरे-धीरे सामूहिक सामाजिक संकट का रूप ले लेती है।
-
छल, साहस और पहचान: धनीसिंह का जगतसिंह के रूप में वापस आना कहानी का प्रमुख नाटकीय मोड़ है। वह अपने पुराने शत्रुओं के बीच एक नए रूप में प्रवेश करता है और अपने उद्देश्य को पूरा करने के लिए उनकी ही दुनिया का हिस्सा बन जाता है। इससे कहानी में पहचान, छल और रणनीति के तत्व जुड़ते हैं।
